मेरी प्रिय मित्र मंडली

गुरुवार, 9 जुलाई 2026

ओ चाँद!

 

🙏मेरे ब्लॉग क्षितिज की आठवीं वर्षगाँठ पर मेरे सभी स्नेही पाठकों का हार्दिक अभिनन्दन 🙏



ओ चाँद !क्या वापस ला सकोगे

वो सुहानी -सी चाँद रात मेरी,

तुम्हारे सामने हो रही थी

जब सखा से बात मेरी!


बने साक्षी तुम्हीं सदा

उस मौन अभिनव प्रेम के

देते रहे संदेश अनवरत

प्रिय के कुशल क्षेम के!

जिसकी महक से महकती

हर नवल प्रभात मेरी!

ओ चाँद !क्या वापस ला सकोगे

वो सुहानी सी चाँद रात मेरी!


थी दूधिया स्वच्छ चाँदनी

खिला था मन का कमल!

विहंसते नयन में झाँकती,

एक छवि अभिराम निर्मल

फिसली मुट्ठी से रेत -सी,

मीठे प्यार की सौगात मेरी!

ओ चाँद! क्या वापस ला सकोगे

वो सुहानी सी चाँद रात मेरी!


अतीत की डगर- डगर

जा ढूँढती चारों पहर,

सम्बल थे जो जीने का

गुम हुए पल जाने किधर!

प्यार की रंगत थी जिसमें

खो गई हसीं कायनात मेरी!

ओ चाँद! क्या वापस ला सकोगे

वो सुहानी सी चाँद रात मेरी!





🙏ब्लॉग पर पहली पोस्ट 🙏

https://renuskshitij.blogspot.com/2017/07/blog-post.html?m=1


शुक्रवार, 8 मई 2026

माँ के लिए दो कविताएँ

 

समस्त मातृ सत्ता को नमन करते हुए सबको मातृ दिवस की हार्दिक शुभकामनायें 🙏

*तेरी एक पुकार पे पीहर*

तेरी एक पुकार पे पीहर

चली आती हूँ दौड़ी माँ! 

बैठ सुख -दुःख साझा करती

फिर माँ बेटी की जोड़ी माँ! 


बैकुंठ धाम- सा घर तेरा! 

देख तृप्त हो जाऊँ माँ, 

हर पीड़ा और चिंता से, 

पल में मुक्त हो जाऊँ माँ! 

स्नेह- ममता की नींव है जिसकी

तेरे त्याग की ईंट और रोड़ी माँ! 


हँसी खुशी के रंग बिखरे

तेरा आँगन अजब अनूठा माँ! 

तरुवर विशाल बन झूम रहा

संस्कार तेरे का बूटा माँ

इसके आगे फीकी जग की

ये माया लाख करोड़ी माँ! 

   ***************          

      माँ बेटी 


जब माँ- बेटी ने मिल कर
कुछ रातें संग बिताई होंगी
जी भर गुरबत कर बेटी से
माँ खुल कर मुस्काई होगी।

भला- बुरा जिसने जो किया,
बस अपने ऊपर भार लिया!
याद ना रखती माँ कुछ भी
सबका हर दोष बिसार दिया!
गुनते लेखा-जोखा जीवन का
माँ की आँख भर आई होगी

नाती -पोतों से  भरा है आँगन
माँ की शान गजब की है!
दामन में भर दुआएँ बैठी
माँ धनवान गज़ब की है!
सुख देख रही साँझे कुल का
कहाँ ऐसी नेक कमाई होगी!

काया हो जर्जर रह गई आधी"
होता देख जिया को कम्पन!
छुआ  जो  बेटी  ने माँ को,
डराती होगी देह की ठंडक!
स्नेह से स्पर्श किया बेटी ने, 
कमजोर देह गरमाई होगी!
जी -भर गुरबत कर बेटी से
माँ खु
ल कर मुस्काई होगी।

🙏🙏🌹🌹

†************************


शुक्रवार, 14 नवंबर 2025

सुनो बालक!

तुम्हारे ये धरती - अम्बर 
ये विश्व तुम्हारा हो!
आज भले  दुविधा में उलझा 
उज्जवल भविष्य तुम्हारा हो !

तपो रे ! संघर्ष -अगन में, 
बन जाओ दमकता कुंदन!
वरण करो न्याय -पथ का ही 
पाओ विपुल यश- वैभव धन !
बनो गौतम-गाँधी से ,
गौरव अक्षय तुम्हारा हो !

  

बंद मुट्ठी में देखो अपनी!
श्रम असीम छुपा है!
तम को जो मिटा दे जग से
वो पावन उजास छुपा है!
पीड़ मानवता की  हरना 
बस लक्ष्य तुम्हारा हो !!

तुम्हारे ये धरती - अम्बर 
ये विश्व तुम्हारा हो ,
भले आज दुविधा में उलझा 
उज्जवल भविष्य तुम्हारा हो
!!

बुधवार, 9 जुलाई 2025

शिशु -सी माँ!!

देखते -देखते ब्लॉग -लेखन को आठ साल हो चले!
इस अवसर पर अपने  स्नेही पाठकों के प्रति आभार  प्रकट करना चाहती हूँ !सभी साथी रचनाकारों के अतुलनीय सहयोग और मार्गदर्शन के बिना  कुछ भी संभव ना था! सभी का हार्दिक अभिनन्दन  और आभार🙏 

** ***********

शिशु- सी होती जाती माँ! 
अब हर बात समझ न पाती माँ! 

कुछ भूली कुछ याद रही
जो याद है कह ना पाती माँ! 

स्मृति लोक हुए  धुंधले,
ना भटकती बीते लम्हों में !
जो आज है वो सबसे बेहतर
ये सोच के खुश हो जाती माँ !  

 
साथ ना देती जर्ज़र काया 
हुआ सफर जीवन का दूभर अब
पर चलती जाती अपनी धुन में
तनिक भी ना घबराती माँ!


पाने की ख़ुशी ना खोने का गम
हर तृष्णा छोड़ बढ़ी आगे
ना कोई समझाइश देती अब
विरक्त सी होती जाती माँ!

गिला  रहा ना कोई शिकवा
भीतर दुआ बस शेष यही
हर बात में  दे आशीष हरदम
मंद- मंद मुस्काती माँ!


रविवार, 29 जून 2025

कहो कवि!

 
 



 कवि! तुम कहाँ लिख सकोगे
 कहानी नारी के अधिकार की! 
मुक्त न हो पाई जिससे कभी
उस मन के कारागार की!! 
 
ना पढ़ पाओगे सूने नयन के
खंडित सपनों की ये भाषा ! 
ना आ सकी विदीर्ण मन के
काम कोई जग की दिलासा! 
सब खोये अपनी लगन में
कौन था अपना यहाँ?
असहनीय थी ,बेगानों से ज्यादा
चोट अपनों की मार की! 
कवि! तुम कहाँ लिख सकोगे
कहानी नारी के अधिकार की



पिंजरे में बन्द मैना युगों से
गाती सबसे रसीला गान कवि! 
उन्मुक्त उड़ान की चाह को उसकी
कोई कब  पाया जान कवि! 
समाएगी कैसे अस्फुट स्वरों में 
पीर स्वर्णिम  कैद की! 
गीत में ना ढल सका जो
उस निःशब्द हाहाकार की! 
 कवि! तुम कहाँ लिख सकोगे
 कहानी नारी के अधिकार की!  


सत्य पर भ्रमित पति से
क्या प्रेम का प्रतिफल मिला? 
ऋषि गौतम के शाप से
जो बन गई शापित शिला! 
आगंतुकों की ठोकर में
पड़ी रही निस्पंद जो
कौन व्यथा जान सका 
उस अहल्या नार की! //
कवि! तुम कहाँ लिख सकोगे
कहानी नारी के अधिकार की



सोमवार, 12 अगस्त 2024

वहशी तुम!

 



जिस कली को तुमने रौंदा 

क्या वो देह कोई पत्थर की थी?

थी चाँदनी  वह इक आँगन की , 

 इज्जत किसी  घर की थी |


वहशी! कुकृत्य क्या सोच किया?

अंधे होकर ऐयाशी में ! 

नोंच-खसोट ली देह कोमल

वासना की क्षणिक उबासी में! 

तुमने कुचला निर्ममता से

वह पंखुड़ी  केसर की थी !!



हुआ पिता का दिल  टुकड़े-टुकड़े 

 देख लाडली  को बदहाल में ! 

 समझ  ना पाया कैसे जा फँसी 

मेरी चिड़िया वहशियों  के जाल में ! 

 सुध -बुध खो बैठी होगी  माँ , 

 जिसकी वो  परी अम्बर की थी !!


 दुष्टों के संहार को 

 बहुत लिए अवतार तुमने ! 

 फिर मौन रहकर क्यों सुने , 

 मासूम के चीत्कार तुमने ? 

 महिमा तो  रखते  तनिक  , 

 चौखट तेरे मंदिर की थी !!


साबित  कर ही  देते 

हो सचमुच के भगवान् तुम ,

 कहीं से  आते बन उस दिन -

 निर्बल के बल -राम तुम ! 

पापी का सीना  चाक  करते , 

बात बस पल भर की थी !!!!!!!!!!!

मंगलवार, 9 जुलाई 2024

कहो कोकिल!



ब्लॉग की सातवीं   वर्षगाँठ पर मेरे स्नेही पाठकों को कोटि आभार और प्रणाम जिन्होंने मुझे  विगत  साल में ब्लॉग पर सक्रिय ना होने पर भी खूब पढ़ा |आप सब के स्नेह की सदैव  ऋणी हूँ |🙏🙏🌹🌹



मौन तोड़ हो रही गुँजित
जो अवनि और अम्बर में ,
कहो कोकिल!पीर कौन 
छिपी तुम्हारे स्वर में !

 गाती हो अनुराग-राग 
या फिर विरह का गीत कोई?
अहर्निशं मथती जाती कदाचित 
विस्मृत अधूरी प्रीत कोई !
गाती जाती बस अपनी धुन में
ना कहती  कुछ उत्तर में !
 

नज़र ना  आता नीड़ कोई 
गपचुप करती  सब क्रीड़ा
क्या  बाँटती चतुर्दिश, ओ पगली !
बेघर होने की पीड़ा?
क्यों ना मिल पाया तुम्हें  बसेरा 
सृष्टि के प्रीतनगर में ?
 

 

अबूझ तुम्हारी व्यथा कथा 
कोई भी   समझ नहीं पाता!
 क्यों हर कोई तुम्हारे सुरीले 
 इस गायन में खो जाता ?
 पीर भरी ये प्रचंड लहरी 
 भरती स्पंदन पत्थर में !
 

  जब अमराई   बौराती तो 
  तुम पंचम -सुर में गाती !
 ये  तान तुम्हारी अनायास
बिरहन का मन मथ जाती !
 तपता  मनुवा  प्रेम अगन में
धीर धरता  न किसी पहर में !
कहो कोकिल!पीर कौन 
छिपी तुम्हारे स्वर में !


चित्र  गूगल से साभार 

 




 

शनिवार, 8 जुलाई 2023

जिस दिन लिखूँगी

छह साल का क्षितिज 🙏🙏
शुक्रिया और आभार स्नेही पाठक वृन्द
छह सालों की सुखद  रचना -यात्रा में  आत्मीयता भरा साथ देने के लिए 🙏🙏🌹🌹


शुरू करूँगी जिस दिन
जिदंगी की किताब मैं
लिख दूँगी  पल-पल का 
तब इसमें हिसाब मैं |

सौंप दूँगी  फिर तुम्हें
मन भीतर रख लेना इसे,
नज़र बचा दुनिया की 
चुपके से पढ़ लेना इसे!
तुम्हारे हवाले ही करुँगी
अनकहे  सब  राज़   मैं!

व्यर्थ दौड़ाया उम्र भर,
तितलियों ने आस की।
बढ़े  अनगिन  साल  पर ,
ना  बढ़ी उम्र   एहसास की।
आखर-आखर पिरो दूँगी 
भीतर संजोये खाब मैं!

किस-किस ने सताया और 
रुलाया  यूँ ही बेवजह मुझे,
रहा जिसका  इन्तजार सदा 
ना नज़र आई वो सुबह मुझे,
अपने किसी सवाल का कब 
पा सकी कोई जवाब मैं?

शुरू करूँगी जिस दिन
जिदंगी की किताब मैं
लिख दूँगी  पल-पल का 
तब इसमें हिसाब मैं 
 
चित्र -गूगल से साभार 

जहाँ से शुरु हुआ था सफर 🙏🙏
(ब्लॉग पर पहला लेख )

https://renuskshitij.blogspot.com/2017/07/blog-post.html

शनिवार, 13 मई 2023

वीतरागी माँ


उसी प्यार से एक बार फिर 
बैठ के मुझे  निहारो माँ
मेरी लाड़ो मेरी चन्दा 
कह फिर आज पुकारो माँ
 
आँखों में   व्याप्त  अजनबीपन 
तनिक भी  तो  ना भाता  माँ
यूँ विरक्त हो जाना तेरा 
बरबस दिल दहलाता माँ 
रखो  हाथ जरा सर पे 
ममता से मुझे दुलारो माँ !


थी कभी जीवटता की  मूर्त  
क्यों अब पग थके-थके से हैं!
जो कहना है झट से कह दो 
जो होठों पर शब्द रुके-से हैं!
धीर ना धरता व्याकुल मनुवा 
सीने से लगा पुचकारो माँ !


विरह-विगलित मन को
सदा सहलाया माँ तुमने!
जब सबने  ठुकराया उस पल 
गले लगाया माँ तुमने!
बिखर रही हूँ तिनका -तिनका 
आ फिर मुझे संवारो  माँ !

 


मंगलवार, 10 जनवरी 2023

माँ हिन्दी तू ही परिचय मेरा!

 

सभी को अन्तर्राष्ट्रीय  हिन्दी दिवस की बधाई और शुभकामनाएं 🙏🙏🌹🌹

तुझ बिन रह जाती अधूरी-सी 

माँ हिन्दी तू ही परिचय मेरा 

तूने ही मिलाया  खुद से 

तू है स्नेहिल प्रश्रय मेरा!


प्रीत राग गाऊँ तुझ संग 

सृजन का आधार तुम ही!

समर्पित अरूप-अनाम को जो 

हो पावन  मंगलाचार तुम ही!

तुम सागर और सरिता सी मैं 

आ तुझमें हुआ विलय मेरा!


माधुर्य कण्ठ का है तुझसे ,

तेरा शब्द-शब्द  है यश मेरा !

ढल कविता में जो बह निकला 

तू  अलंकार, नवरस मेरा!

अतुलकोश  सहेज भावों का 

है कृतज्ञ बड़ा हृदय मेरा!



तुलसी के हिय बसी तू ही 

सूर  का तू ही भ्रमर गीत!

अनकही पीर मीरा की तू 

रचती जो प्रेम की नवल रीत!

मुझसे भी अटूट  बंधन तेरा 

तुझ पर गौरव अक्षय मेरा!

माँ हिन्दी तू ही परिचय मेरा!

🙏🙏

सोमवार, 5 दिसंबर 2022

प्रेम

 

प्रेम तू सबसे न्यारा .
कहाँ तुझसा कोई प्यारा!

शब्दातीत, कालातीत, 
ज्ञानातीत तू ही! 
इश्क मुर्शिद का तुझसे,
राधा की प्रीत तू ही !
चमक  रहा कब से क्षितिज पे 
बनकर ध्रुव तारा!

मीठा ना  तुझसा छ्न्द कोई.
ना  बाँध सके अनुबंध कोई!
उन्मुक्त गगन के पाखी-सा ,
सह सकता नहीं प्रतिबंध कोई 
 कोई रोके,रोक ना पाये 
 तोड़  निकले हर इक कारा!

आन मिले अनजान पथिक-सा  
साथ चल दे जाने किसके .
अरूप और अदृश्य तू ,
नहीं आता सबके हिस्से !
विरह के आनंद  में बह जाता   
बन कर अंसुवन धारा  !


चित्र -पाँच लिंक से साभार  


शुक्रवार, 11 नवंबर 2022

क्या दूँ प्रिय उपहार तुम्हें?



प्रिय क्या दूँ उपहार तुम्हें ?
 जब सर्वस्व पे है अधिकार तुम्हें!
मेरी हर प्रार्थना में तुम हो,
निर्मल अभ्यर्थना में तुम हो!
तुम्हें समर्पित हर प्रण मेरा,
माना जीवन आधार तुम्हें!
मुझमें -तुझमें क्या अंतर अब!
 कहां भिन्न दो मन-प्रांतर अब
ना भीतर शेष रहा कुछ भी,
 सब सौंप दिया उर भार तुम्हें!
मेरे संग मेरे  सखा तुम्हीं 
मन की पीड़ा की दवा तुम्हीं
बसे  रोम रोम तुम ही प्रियवर
रही शब्द शब्द सँवार तुम्हें 
  दूं प्रिय! उपहार तुम्हें?
जब सर्वस्व पे है अधिकार तुम्हें 
 


बुधवार, 21 सितंबर 2022

एक दीप तुम्हारे नाम का ------- नवगीत

Image result for दीपक का चित्र

अनगिन   दीपों संग आज जलाऊँ  
एक दीप  तुम्हारे  नाम का  साथी ,
तुम्हारी प्रीत से हुई  है जगमग 
क्या कहना इस शाम  का साथी !!

 जब से   तुम्हें   साथी पाया है  
 आह्लादित मन   बौराया है ,
तुमसे   कहाँ  अब अलग रही मैं ?
खुद को  खो  तुमको पाया है
भीतर तुम हो  ,बाहर  तुम हो -
तू  गोविन्द है  मन धाम का साथी !!

ये  अनुराग  तुम्हारा   साथी 

जाने कौन गगन ले जाये ? 
पुलकित हो   बावरा  मन मेरा  
आनंद शिखर  छू जाये ,
तुम बिन अधूरा  परिचय मेरा  
तू प्रतीक  मेरे स्वाभिमान का साथी !!

मनबैरागी  बन   तजूं  रंग सारे 

मन रंगूँ तेरी प्रीत के रंग में ,
साजन  रहे अक्षुण साथ  तुम्हारा  
जीवनपथ पे चलूँ   संग-संग में 
बिन   तेरे  ये जीवंन मेरा  
है मेरे  किस काम  का साथी ? 

अनगिन   दीपों संग आज जलाऊँ 

एक दीप   तुम्हारे नाम का  साथी ,
तुम्हारी प्रीत से हुई  है जगमग 
क्या कहना इस शाम  का साथी !! 

स्वरचित -- रेणु
चित्र -- साभार गूगल -- 
=========================================
Gप्लस से साभार टिप्पणी --


Mahatam Mishra's profile photo
क्या कहना इस शाम का साथी, बिन तेरे ये जीवंन मेरा -अब है मेरे किस काम का साथी ? वाह वाह आदरणीया, मन मुग्ध करती रचना, स्वागतम
-----------------------------------------------------------------------------------------------------

सोमवार, 22 अगस्त 2022

जीवन बोध

 


 पुरुष तुम  प्रकृति मैं ,
रहे एक दूजे में लीन सदा!
मन सिंहासन पर मेरे ,
तुम ही रहे आसीन सदा!

जन्मे साथ ना जाना था संग-संग 
गंतव्य से पर अनभिज्ञ रहे!
कब बात सुनी ज्ञानी मन की,
खुद को ही मान सर्वज्ञ रहे!
ना जान सके,जीवन नश्वर
जग-माया में रहे तल्लीन सदा!


मोह,विछोह ना जान सकी,
रही मुग्ध निहार स्व- दर्पणमें!
भूली  सब रिश्ते नाते ,
जब डूबी सर्वस्व समर्पण में !
तुम से दूर रही तनिक भी 
तड़पी ज्यों जल बिन मीन सदा!

मगन  झूमी  कस  भुजबंध में,
जाने अभिसार के रंग सभी !
शाश्वत प्रेम में हो तन्मय,  
जी ली, जी भर उमंग सभी!
 परवाह की ना  बेरंग दुनिया की,
सजाये स्वप्न नवीन सदा !
 
बड़ा कठिन विछोह सह जाना 
और जाना तुमसे दूर प्रियतम!
दुख दारुण विदा की बेला का,
है  सृष्टि का अटल नियम !
माटी की देह बनकर  माटी, 
माटी में हुई  विलीन सदा !!

 

शनिवार, 16 जुलाई 2022

आज कविता सोई रहने दो !

आज  कविता सोई रहने दो,
मन के मीत  मेरे !
आज नहीं जगने को आतुर 
सोये उमड़े  गीत मेरे !
 

ना जाने क्या बात है जो ये
मन विचलित हुआ जाता है !
अनायास जगा दर्द कोई 
पलकें नम किये जाता है !
आज नहीं सोने देते  
ये रात-पहर रहे बीत मेरे !

आज ना चलती तनिक भी  मन की
उपजे ना प्रीत का राग कोई !
विरक्त  हृदय में अनायास ही
व्याप्त हुआ विराग कोई !
ना चैन  आता पल भर को भी 
 देह -प्राण रहे रीत मेरे! 

कोई खुशी  ना छूकर गुजरे,
बहलाती  ना सुहानी याद कोई।
लौटती जाती होंठों पर से ,
आ-आ कर फरियाद कोई  ।
लगे बदलने असह्य पीर में 
मधुर   प्रेम- संगीत मेरे!
आज नहीं जगने को आतुर 
सोये उमड़े   गीत मेरे !

चित्र - गूगल से साभार 

शुक्रवार, 8 जुलाई 2022

पुस्तक समीक्षा और भूमिका --- समय साक्षी रहना तुम

       

 
मीरजापुर  के  कई समाचार पत्रों में समीक्षा को स्थान मिला।हार्दिक आभार शशि भैया🙏🙏


आज मेरे ब्लॉग क्षितिज  की पाँचवी वर्षगाँठ पर मेरे स्नेही पाठक वृन्द    को सादर आभार और नमन | शब्दों  की ये पूँजी आप सबके  बिना  संभव ना थी | हालाँकि पिछले वर्ष  लेखन में अपरिहार्य  कारणों से कई  बाधाएँ आईं पर   इस वर्ष  ये  सुचारू    रूप  से होने  की आशा है |इस वर्ष मेरे पहले काव्य-संग्रह का आना मेरे लिए बड़ी  उपलब्धि रही | पिछले दिनों  इस पुस्तक  की समीक्षा मिर्ज़ापुर उत्तर प्रदेश  के  वरिष्ठ साहित्यकार  आदरणीय भोलानाथ जी कुशवाहा ने लिखी |जिसके लिए उनके लिये आभार के शब्द नहीं हैं मेरे पास |  उन्होंने अपने खराब  स्वास्थ्य के चलते भी पुस्तक को बड़े मनोयोग से पढ़ा और अपने विचार समीक्षा के रूप में लिखे | इस समीक्षा को  मिर्ज़ापुर के कई समाचार पत्रों में स्थान मिला |आदरणीय   भोलानाथ  जी को कोटि आभार  के साथ उनकी लिखी समीक्षा आज यहाँ   डाल रही हूँ | इसी के साथ  मेरे अत्यंत  स्नेही भाई   शशि गुप्ता  जी को कैसे भूल  सकती हूँ जिन्होंने पुस्तक की कई प्रतियाँ  मँगवाकर इन्हें    भोलानाथ जी और कई  अन्य साहित्यकारों तक  पहुँचाया | आपका हार्दिक आभार शशि भैया  | पुस्तक में आपके  अनमोल  मार्गदर्शन के साथ त्रुटी सुधार में आपकी भूमिका   अविस्मरणीय है | 


                          भूमिका 

विवेक के वितान पर तने विचार अक्सर सूखे और ठूँठ होते हैं। इसकी प्रकृति विश्लेषणात्मक होती है । ये तत्वों को अपने अवयवी तन्तुओं में तोड़कर अनुसंधान का उपक्रम रचते हैं । इसमें बुद्धि की पैठ अंदर तक होती है। मन बस ऊपर-ऊपर तैरता रहता है। यात्रा के पूर्व का इनका अमूर्त गंतव्य,  यात्रा की पूर्णाहूति के पश्चात मूर्त हो जाता है। यहाँ बुद्धि अहंकार से आविष्ट रहती है। अराजकता का शोर-गुल भी बना रहता है। परम चेतना के स्तर पर मन, बुद्धि और अहंकार एकाकार होकर आत्म-भाव में सन्निविष्ट हो जाते हैं। आत्मा की  कुक्षी में अंकुरित ये भावनाएँ हरित और आर्द्र होती हैं। यह मनुष्य को जीवन की अतल गहराइयों  तक ले जाती है । इसका स्वभाव संश्लेषणात्मक होता है। यह अपने इर्द-गिर्द के तत्वों को अपने में सहेजती  हैं । इसमें गंतव्य रहता तो हमेशा अछूता है, किंतु उसको छूने का उछाह अक्षय  बना रहता है । गंतव्य का स्वरूप अपनी शाश्वतता में तो सर्वदा अमूर्त रहता है, किंतु उसको पाने की उत्कंठा में वह सर्वदा मूर्त रूप में आँखों के आगे झिलमिल करता रहता है। जैसे-जैसे आगे बढ़ता है, यह उत्कंठा तीव्र से तीव्रतर होती जाती है: “ज्यों-ज्यों डूबे श्याम रंग, त्यों-त्यों उज्जल होय”। यात्राओं का उत्स तो अनवरत और अनहद होता रहता है, अंत कभी नहीं होता । अतृप्तता का भाव सदा बना रहता है। यह ऊपर से सागर की लहरों के समान तरंगायित तो दिखती है, किंतु इसके अंतस का आंदोलन अत्यंत प्रशांत और गम्भीर होता है । यहाँ अहंकार के लिए कोई अवकाश नहीं ! अंदर के आत्म के सूक्ष्म का विस्तार कब बाहर के अनंत परमात्म में हो जाय और बाहर का अनंत कब  सिमट कर अंदर का सूक्ष्म बन दिल की धड़कनों में गूँजने लगे, कुछ पता ही  नहीं चलता! ‘अयं निज:, परो वेत्ति’ जैसे क्षुद्र भावों का लोप हो जाता है । मन सर्वात्म हो जाता है। भावनाओं की यही तरलता जब अंतस से नि:सृत होकर समस्त दिग्दिगन्त को अपनी आर्द्रता से सराबोर करने लगती है, तो कविता का जन्म होता है। इसी कालातीत सत्य का प्रकट रूप है, साहित्यकार और ब्लॉगर रेणु रचित कविता संग्रह -‘समय साक्षी रहना तुम’ । ।कहावत है, ‘सौ  चोट सुनार की  और एक चोट लोहार की ’। सदियों की सामाजिक क्रांतियाँ नारी-सशक्तिकरण की दिशा में अपनी  सौ चोटों  का वह  प्रहार प्रखर नहीं कर पायीं, जो सूचना-क्रांति ने अपनी एक चोट में कर दिया । सोशल मीडिया और ब्लॉग की धमक ने साहित्य-जगत को भी अंदर तक हिला रखा है । तथाकथित प्रबुद्ध साहित्यिकारों  के अभिजात्य वर्ग पर सृजन की अद्भुत क्षमता से युक्त,  सारस्वत स्त्रियों ने अपनी रचनाशीलता के पाँचजन्य-नाद से अब धावा बोल दिया है । रसोईघर में रोटियाँ पलटने वाली गृहिणियाँ,  रचनाशीलता के संस्कार में सजकर अपनी लेखनी से अब पौरुष की दम्भी सामाजिक अवधारणाओं को उलटने लगी हैं । वे अपने विस्तृत अनुभव संसार को अपनी लेखनी में प्रवाहित करने लगी हैं और उनकी यह सृजन-धारा अनायास  इंटरनेट के माध्यम से समाज के एक विपुल पाठक वर्ग को भिगोने भी लगी है । स्वभावत: भी,  नारी ममता की  मंजूषा, वात्सल्य की वाटिका और करुणा का क्रोड़ होती है ।  उसकी  अभिव्यंजना  की धारा का साहित्यिक मूल्यों के धरातल पर प्रवाहित होना ठीक वैसा ही है, जैसा कि मछली का जल में तैरना । ‘समय साक्षी रहना तुम ’ कविता-संग्रह इस तथ्य का अकाट्य साक्षी है।‘अंबितमे नदीतमे देवितमे  सरस्वती,  अप्रशस्ता इव स्मसि प्रशस्तिमम्ब नस्कृधि’  की ऋचाओं से  गुँजायमान ऋग्वेद की रचना की भूमि  हरियाणा से सरस्वती-सुता साहित्यकार  रेणु की कविताओं का यह पहला संग्रह साहित्य के आकाश में एक बवंडर बनकर चतुर्दिश आच्छादित होने की क्षमता से परिपूर्ण है । वंदना के विविध स्वरूपों से लेकर रिश्तों की ऊष्मा, खेत-खलिहान, गाँव-गँवई, चीरई-चिरगुन, गाछ-वृक्ष, सामाजिक संस्कार, माटी की सुगंध, चौक-चौबारों पर बीते बचपन की अनमोल यादें, मानवीय संबंधों की संवेदनाओं का सरगम, पिता का स्नेह, माँ की ममता, बेटी का प्यार और राष्ट्र-प्रेम का ज्वार – इन समस्त आयामों को अपनी अभिव्यंजना का स्वर देती कविताओं का यह संकलन, कवयित्री की रचनाशीलता के विलक्षण संस्कार का साक्षात्कार है। संग्रह के प्रेमगीत परमात्मिक चैतन्य की पराकाष्ठा पर प्रतिष्ठित हैं। अभिसार की रुहानी सुरभि की प्रवाह-तरंगों पर आध्यात्मिकता का अनहद-नाद संचरित हो रहा है, जहाँ मानो अनुरक्त हृदय की भावनाओं का उच्छ्वास एक परम-विलय की स्थिति में थम-सा गया हो और उसमें प्रेयसी और प्रियतम  के प्रेरक, कुंभक और रेचक एक साथ विलीन होकर महासमाधि की स्थिति को प्राप्त हो गए हों ।शब्दों की बुनावट के साथ-साथ कहन की कसावट और शिल्प अत्यंत सहज, सुबोध और मोहक हैं, जो प्रीति की अभिव्यक्ति को अपने निश्छलतम स्वरूप में परोसते हैं ।सारत: अब बस इतना ही कि “हे समय! साक्षी रहना--- ‘समय साक्षी रहना तुम ’का !”                                                             


                                                            विश्वमोहन

                                                  सुप्रसिद्ध ब्लॉगर और   साहित्यकार  


रविवार, 20 मार्च 2022

नीड़ तुम्हारा चिड़िया !

 
     

कितना सुंदर -कितना प्यारा 
 है ये  नीड़  तुम्हारा  चिड़िया !
तिनका-तिनका  गूँथा हुआ है
इसमें प्यार तुम्हारा चिड़िया |

पढ़ी कभी न विद्यालय में,
अनथक खोयी  अपनी ही लय में!
धीरज , श्रम अलंकार तुम्हारे
डूबी  ना कभी संशय में!
नीड़कला की माहिर तुम 
हुनर ये जग  में  न्यारा चिड़िया !

रंग सपनों में नित भर-भरकर,
खूब सजाओ छोटा-सा ये घर!
निर्जनता में स्पंदन भर,  गूँजे
तेरा आहलादित  मधुर,करुण स्वर
उड़ता निर्मम समय का पाखी
ना आता लौट दुबारा चिड़िया |
 


आजन्म  निर्बंध और उन्मुक्त  
पर  जग-भर की प्यारी तुम !
 तूफानों से भिड़-भिड़ जाती 
 कहाँ  कभी  हिम्मत हारी तुम !
जिधर जी चाहे,फुर्र से  उड़ जाती  
है सारा जहाँ तुम्हारा चिड़िया !

[चित्र गूगल से साभार ]
 
चिड़िया पर मेरी दो  अन्य रचनाएँ 
1-----'पेड़ ने पूछा चिड़िया से '
 https://renuskshitij.blogspot.com/2017/09/blog-post_12.html
2 आई आँगन के पेड़ पे चिड़िया 
https://renuskshitij.blogspot.com/2017/07/blog-post_5.html


शुक्रवार, 18 मार्च 2022

किसने रंग दीना डाल सखी ?

 


पीला, हरा,गुलाबी, लाल सखी!
किसने रंग दीना डाल सखी  ? 

मोहक चितवन, चंचल नयना, 
अधरों पर रुके -रुके बयना!
ये जादू ना किसी अबीर में था
सब प्रेम ने किया कमाल सखी! 

क्यों इतनी मुग्ध हुई गोरी? 
कर सकी ना जो जोराजोरी, 
यूँ बही प्रीत गंगधार नवल
सुध- बुध खो हुई निहाल सखी!


कलान्त  हृदय हुआ शान्त,
महक उठा प्रेमिल एकान्त !
दो प्राण हो बहे एकाकार
बिसरे  जग के जंजाल सखी!


चित्र-गूगल से साभार 

बुधवार, 9 मार्च 2022

बस समय ने सुनी -- कविता



ना  जान  सका  बात  कोई
समर्पण   और  अभिसार  की
सुनी समय  ने  बस   कहानी
तेरे  मेरे  प्यार  की  !

 पेड  ने आँगन के  
सुनना चाहा  झुककर  इसे,
देखना  चाहा  कभी
चिड़िया  ने  रुककर   इसे
निहारने लगी , चली ना
एक मधु बयार  की ,
सुनी समय  ने  बस   कहानी
तेरे  मेरे  प्यार  की  !

मिल  गए  भीतर  ही
जब  देखने निकले  तुम्हें ,
खो  बैठे  खुद  को  ही
जब    ढूँढने  निकले  तुम्हें ,
पड़ गयी  हर  जीत  फीकी 
थी बात ऐसी 
हार की
सुनी समय  ने  बस   कहानी
तेरे  मेरे  प्यार  की  !

स्वाति बूँद से आ  गिरे
हृदय  के  खाली  सीप  में!
 चंदन वन  महका  गए,
जीवन के  बीहड़   द्वीप  में!
इस जन्म  ना  थी चाह कोई ;
है प्रार्थना  युग- पार  की !
सुनी समय  ने  बस   कहानी
तेरे  मेरे  प्यार  की


देखते  ही बीत  चले
दिन,  महीने  , साल  यूँ  ही  !
ना   फीके पडे रंग चाहत  के
रहा  तेरा  ख्याल  यूँ  ही  !
प्रगाढ़  थी  लगन  मन की
कहाँ  बात  थी अधिकार   की  ?
सुनी समय  ने  बस   कहानी
तेरे  मेरे  प्यार  की  !!

सोमवार, 7 मार्च 2022

रहने दो कवि!(नारी विमर्श पर रचना )

 

🙏🙏

प्रस्तुत रचना,किसी अन्य कवि की शोषित नारी के लिए लिखी गई रचना पर,काव्यात्मक प्रतिक्रिया स्वरुप लिखी गई थी।

ना उघाड़ो  ये   नंगा सच  
ढका ही रहने दो , कवि!
 दर्द  भीतर का  चुपचाप 
 आँखों से बहने दो कवि!//

  
 
ये व्यथा लिखने में,  
कहाँ लेखनी  सक्षम कोई ?
लिखी गयी  तो  ,पढ़ इन्हें 
 कब  आँख हुई नम कोई ?
संताप सदियों से सहा है 
 यूँ ही सहने दो कवि!

डरती रही घर में भी 
 ना बची खेत - क्यार में !
कहाँ- कहाँ ना लुटी अस्मत,
बिकी बीच बाज़ार में !
 मचेगा शोर  जग -भर में 
 ये जिक्र जाने दो ,कवि!
 
 लिखने से  ना होगा तुम्हारे  
 कहीं इन्कलाब कोई 
रूह के जख्मों का मेरे 
ना दे पायेगा  हिसाब कोई
मौन रह ये रीत जग की 
 निभ ही जाने दो, कवि !  
 दर्द  भीतर का  चुपचाप 
 आँखों से बहने दो कवि!/
 

विशेष रचना

मन पाखी की उड़ान -- प्रेम गीत ( prem geet)

              मन पाखी की उड़ान  तुम्हीं तक मन मीता  जी का सम्बल तुम एक  भरते प्रेम घट रीता  ! नित निहारें नैन चकोर  ना   नज़र में कोई दूजा  हो...